छत्तीसगढ़दुनियादेशधर्मपूजा पाठबड़ी खबरभारतराजधानी रायपुरराज्यराशिफल

श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के दिन रायपुर के गुढ़ियारी कोटा में, 11 हजार लीटर तेल और 140 किलो रुई से जलेंगे 11 लाख दीए…

रायपुर: अयोध्या में श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के दिन राजधानी भी जगमग रहेगी। हर घर और मंदिर में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे, लेकिन सबसे बड़ा आयोजन कोटा गुढ़ियारी में किया जाएगा। यहां 11 लाख 11 हजार दीए जलाए जाएंगे। इसके लिए 140 किलो रुई की खरीदी गई है। बातियां राजधानी के बाजार से खरीदने के साथ ही कार्यकर्ता भी रुई से इसे तैयार कर रहे हैं। 11 लाख 11 हजार दीयों के लिए 11 हजार लीटर तेल मंगवाया गया है। इसके अलावा आयोजन में इस्तेमाल होने वाले दीए किसी एक स्थान के ना होकर पूरे राज्यभर के होंगे। पूरे राज्य के कुम्हारों से मिट्टी के दीपक आयोजन के लिए खरीदे जा रहे हैं। दीयों की कुछ खेप राजधानी आ गई है, तो कुछ आ रही हैं। दुर्ग, धरसींवा, गिरौदपुरी, थान खम्हरिहा सहित अन्य शहरी क्षेत्रों के अलावा जगदलपुर, ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों से दीपक मंगाए जा रहे हैं, ताकि पूरे प्रदेश की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

लेजर शो में दिखेगी राम गाथा

दीप प्रज्ज्वलन के साथ लेजर शो की भी व्यवस्था यहां की जा रही है। लेजर शो में राम गाथा लोगों को नजर आएगी। इसकी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। लेजर शो के लिए भी बाहर से कलाकार बुलाए जा रहे हैं। आयोजन को भव्य स्वरूप देने के लिए लेजर शो की बारीकियों पर विशेष रूप से कार्य किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दोपहिया और चारपहिया वाहनों के पार्किंग के लिए व्यवस्था की जा रही है। यह भी पूरी तरह से निशुल्क है।

कोलकाता से आएंगे आतिशबाज

दशहरा में रावण दहन के दौरान डब्ल्यूआरएस मैदान में भव्य आतिशबाजी की जाती रही है। इसी तर्ज पर यहां भी भव्य आतिशबाजी की जाएगी। इसके लिए खासतौर से कोलकाता से कारीगर आएंगे, जो आतिशबाजी की व्यवस्था संभालेंगे। गौरतलब है कि कोटा गुढ़ियारी के मैदान में 22 जनवरी को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के बाद 23 जनवरी से हनुमंत कथा का आयोजन किया जा रहा है। पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री यहां कथा वाचन करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button