पर्यावरण संरक्षण हेतु पेड़ लगाएं, पानी बचाएं, पॉलीथिन हटायें और मेरा घर हरित घर जैसे सन्देश पोस्टर लेके जागरूकता साइकिल चेतना यात्रा

रायपुर आज पर्यावरण संरक्षण गतिविधि रायपुर महानगर, के कार्यकर्ता बंधुओं ने नगर में सायकिल भ्रमण द्वारा पर्यावरण संरक्षण गतिविधि हेतु जागरूकता रैली निकाली। पूर्व योजना अनुसार सायकिल रैली हेतु प्रातः 8.00 बजे पर्यावरण प्रहरी कार्यकर्ता गण अमलीडीह बस्ती के गांधी नगर मोहल्ले के शिव मंदिर प्रांगण में एकत्र हुये। कार्यकर्ता बंधुओं ने पर्यावरण संरक्षण हेतु पेड़ लगाएं, पानी बचाएं, पॉलीथिन हटायें और मेरा घर हरित घर जैसे संदेश के पोस्टर अपने छाती एवं पीठ में लगाकर रैली की तैयारी की। कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर अमलीडीह वार्ड के पार्षद नानू ठाकुर द्वारा अपने उदबोधन में प्रांगण में उपस्थित बंधुओं को पर्यावरण संरक्षण गतिविधि को एक अभियान के रूप में संचालित करने हेतु प्रेरित किया और इस पावन पवित्र गतिविधि में साथ देने और अन्य लोगों को जोड़ने का आश्वासन दिया।
वंदेमातरम एवं
भारत माता की जय के उदघोष के साथ सायकल चेतना यात्रा प्रारंभ हुई जिसमें कुल 32 कार्यकर्ता बंधु एवं एक भगिनी शामिल हुए। यात्रा गांधीनगर से अमलीडीह के अपना गार्डन होते हुए राजेंद्र नगर, प्रियदर्शनी नगर होते हुए पचपेड़ी नाका के शासकीय प्राथमिक शाला प्रांगण में पहुँची वहां पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के रायपुर महानगर संयोजक द्वारा विषय को विस्तार पूर्वक रखा गया तथा गतिविधि को अपने स्वयं के घरों से इकोब्रिक्स निर्माण द्वारा प्रारंभ कर अपने बस्ती में कम से कम 10 घर हरित घर बनाने, एक तालाब की सफाई, एक स्कूल, एक धार्मिक संस्थान को इस अभियान से जोडने के साथ ही सप्ताह में एक दिन श्रमदान दिवस और महीने में एक दिन हरित मिलन का कार्यक्रम द्वारा समाज को जोड़ने का आग्रह किया गया।