स्वर साम्राज्ञी के निधन से शोक में डूबा देश, आज शाम 6:30 में होगा अंतिम संस्कार, देश में 2 दिन का राष्ट्रीय शोक

इनपुट डेस्क : रविवार को देश की मशहूर गायिका और स्वर कोकिला लता मंगेशकर ने दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके निधन का समाचार सुनते ही पूरा देश शोकाकुल हो गया। लता के निधन पर केंद्र सरकार ने दो दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। लता के निधन पर राजनीतिक हस्तियों से लेकर बॉलीवुड इंडस्ट्री से जुड़े दिग्गजों ने शोक व्यक्त किया है।
आज शाम शिवाजी पार्क में अंतिम संस्कार
मिली जानकारी के अनुसार, सुर साम्राज्ञी लता मंगेशकर के पार्थिव शरीर को लगभग 12:30 बजे उनके आवास पर ले जाया जाएगा। पूरे राजकीय सम्मान के साथ आज शाम 6.30 बजे शिवाजी पार्क में अंतिम संस्कार किया जाएगा।
इंदौर में जन्मी लता के निधन पर मध्य प्रदेश में शोक की लहर
मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में जन्मी लता मंगेशकर के निधन पर यहां के दिग्गज नेताओं ने अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्टिवटर पर लिखा कि स्वर साम्राज्ञी, परम श्रद्धेय लता मंगेशकर जी के निधन से अन्तर्मन दुख, पीड़ा, शोक से व्यथित है। देश ही नहीं, समूचे विश्व ने एक ऐसी स्वर साधिका को खो दिया, जिन्होंने अपनी मधुर आवाज से जीवन में आनंद घोलने वाले असंख्य गीत दिए।
लता दीदी का तपस्वी जीवन स्वर साधना का अप्रतिम अध्याय है। उन्होंने आगे लिखा कि आपका जीवन हिंदी फिल्म जगत के साथ ही भारतीय संगीत की ऐसी अद्भुत यात्रा रही, जिसने कई पीढ़ियों को मानवीय संवेदनाओं को जीवंत करते गीत-संगीत से जोड़ा। फिल्म जगत के उद्भव से अत्याधुनिक युग में प्रवेश करने तक दीदी सहयोगी से संरक्षक तक की भूमिका में रहीं। आपका योगदान अविस्मरणीय रहेगा।
दो दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित
देश की सबसे लोकप्रिय संगीकार लता मंगेशकर के निधन से पूरे देश में शोक की लहर है। केंद्र सरकार ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए दो दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है।
पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि
पीएम नरेंद्र मोदी ने लता मंगेशकर के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, “लता दीदी के गानों ने कई तरह के इमोशन्स को उभारा। उन्होंने दशकों तक भारतीय फिल्म जगत के बदलावों को करीब से देखा। फिल्मों से परे, वह हमेशा भारत के विकास के बारे में भावुक थीं। वह हमेशा एक मजबूत और विकसित भारत देखना चाहती थी।”