
अंजड़। ग्राम छोटा बड़दा में शुक्रवार देर शाम को अज्ञात कारण के चलते 40 वर्षीय महिला ने अपने शरीर पर केरोसिन डालकर आत्मदाह करने की कोशिश की। इसमें वह करीब 50 फीसदी से अधिक झुलस गई। पुलिस के अनुसार छोटा बड़दा निवासी रेखा बाई बेवा धन्नाालाल कोली ने किसी बात से आहत होकर केरोसिन से आग लगा ली। गांव के चौकीदार चंदन द्वारा पुलिस व एंबुलेंस 108 को फोन किया गया। एंबुलेंस 108 तत्काल मौके पर पहुंची। आग में झुलसी महिला को उपचार के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उपचार के लिए बड़वानी जिला अस्पताल रैफर किया। घटना की जानकारी मिलने पर उसका बेटा ओमप्रकाश व अन्य स्वजन भी अस्पताल पहुंचे। सभी यहां विलाप करते हुए नजर आए। थाना प्रभारी सोनू सितोले ने अंजड़ तहसीलदार भागीरथ वांखला को सूचना दी। उनके द्वारा महिला के बयान लिए गए हैं। टीआई सितोले ने बताया कि यह महिला मजदूरी का काम करती है।
मकान के कालम से व्यक्ति ने फांसी लगाई
पाटी। पाटी थाने के तहत आने वाले ग्राम बुदि नरगावा फालिया में 45 वर्षीय मयाराम ने अपने ही मकान के कालम सरिए पर कपड़े का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। सूचनाकर्ता मृतक के भाई शांतिलाल पिता मकराम ने पुलिस को बताया कि मृतक मयाराम खुद के खेत में मकान बनाकर रहता था। मकान का कार्य प्रगतिरत था। शुक्रवार को सुबह में उसके मकान तरफ गया तो उसी के नए मकान में कालम के सरिए पर कपड़े का फंदा लगाकर लटका हुआ दिखाई दिया। पास में जाकर देखा तो उसकी मौत हो गई थी।जांचकर्ता प्रधान आरक्षक नरेश ठकराल ने बताया कि थाना प्रभारी आरके लौवंशी के निर्देशन में घटना स्थल पहुंचकर मर्ग कायम कर जांच में लिया है। वहीं शव को फांसी के फंदे से नीचे उतारा और परिजनों के कथन लेकर शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों के सुपुर्द किया।