CG BREAKING: चंगोराभाठा आत्महत्या मामला: 3 साल के मासूम की मां की संदिग्ध मौत, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप…
रायपुर: राजधानी के चंगोराभाठा इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां तीन साल के मासूम बच्चे की मां ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि इस घटना को लेकर अब गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मृतका के परिजनों ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या बताया है।
परिजनों का आरोप है कि महिला को लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था। उनका कहना है कि मृतका के शरीर पर मारपीट के निशान मिले हैं, जो आत्महत्या की कहानी पर संदेह पैदा करते हैं। परिजनों ने मामले में निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए आरोप लगाया कि पुलिस एकतरफा कार्रवाई कर रही है।.
परिवार का यह भी कहना है कि पुलिस कुछ अहम तथ्यों को मीडिया से छुपा रही है और मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। वहीं दूसरी ओर पुलिस का दावा है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य तथ्यों के आधार पर जांच जारी है।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और हर पहलू से जांच की बात कही है। मामले की सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ पाएगी।
इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। परिजन और स्थानीय लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।






