मामूली विवाद के चलते बदमाश ने युवक के ऊपर किया चाकू से वार, आरोपी गिरफ़्तार

रायपुर। राजधानी में फिर चाकूबाजी की घटना सामने आई है। मामूली विवाद के चलते युवक की जान लेने की कोशिश की गई। राजधानी में मौदहापारा इलाके में चाक़ूबाजों ने युवक को पहले बुरी तरह पीटा फिर चाकू मारकर उसकी जान लेने की कोशिश की गई। चाकूबाजी में युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे इलाज के लिए बेडकर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। युवक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने एक हमलावर को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, मौदहापारा के पटवा कॉम्प्लेक्स के पास बाइक साइड देने को लेकर दो युवकों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा की आरोपी सागरदास ने चाकू निकाल लिया। मारपीट के दौरान इसने चक्र के पेट पर वार किया। जैसे-तैसे खुद को बचाकर चक्र दूर हटा, मगर सागर नहीं माना। उसने फिर से उसपर हमला कर दिया। हमले में चक्र महानंद को गंभीर चोटे आई है। मारपीट होती देख पटवा कॉम्पलेक्स के दुकानदारों ने पुलिस को खबर दे दी। थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर हुई इस वारदात की खबर लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चाकू के साथ सागर को पकड़ लिया। अब इसके खिलाफ धारा 307 के तहत केस दर्ज किया गया है।