CG Crime News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ पूर्व पार्षद रवि धुर्व और उनके साथियों की गुंडागर्दी का ताज़ा मामला सामने आया है, जिसमें राह चलते एक ट्रक चालक को रोककर बेरहमी से पीटा गया। इतना ही नहीं, जब ट्रक मालिक अपने ड्राइवर को बचाने पहुंचे, तो आरोपियों ने उन पर भी जानलेवा हमला कर दिया और उन्हें लहूलुहान कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमला बेहद बर्बर था और आरोपी लगातार पीटते रहे। घटना के बाद आरोपी पूर्व पार्षद रवि धुर्व और उनके साथी खुद ही टिकरापारा थाना पहुंचे और पुलिस के सामने अपना गुनाह कबूल भी किया।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के बजाय छोड़ दिया, जबकि शिकायत दर्ज कराने पहुंचे घायल पीड़ित और ट्रक मालिक को 5 घंटे तक थाने में बैठाए रखा।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस न सिर्फ मामले को दबाने की कोशिश कर रही है, बल्कि आरोपियों की दबंगई के आगे पूरी तरह नतमस्तक दिख रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पूर्व पार्षद और उनके गार्गो की दबंगई क्षेत्र में लगातार बढ़ती जा रही है। घटना का वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग पुलिस प्रशासन पर सवाल उठा रहे हैं।






