
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने आज राजीव गांधी किसान न्याय योजना की पहली किस्त जारी की। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश के किसानों के खातों में राशि ट्रांसफर किया। वर्ष 2020-21 में धान बेचने वाले साढ़े 21 लाख किसानों को राशि ट्रांसफर किया गया सरकार ने करीब 15 सौ करोड़ रुपए की पहली किस्त किसान न्याय योजना के माध्यम से दी। इसके साथ ही कार्यक्रम में सीएम बघेल ने गोधन न्याय योजना के तहत राज्य के करीब 72 हजार पशुपालकों को 15 मार्च से 15 मई तक गोबर खरीदी के एवज में 7 करोड़ 17 लाख रूपए तथा गौठान समितियों और महिला स्व-सहायता समूहों को 3.6 करोड़ रूपए की राशि ऑनलाइन अंतरित की।गोधन न्याय योजना के तहत पशुपालकों एवं ग्रामीणों को अब तक कुल 88 करोड़ 15 लाख रूपए का भुगतान किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में सांसद सोनिया गांधी के संदेश का वाचन किया। राज्यसभा सांसद पी.एल.पुनिया भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से कार्यक्रम में शामिल हुए।