
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में 14 साल की लड़की से रेप का मामला सामने आया है। आरोपी युवक लड़की को बहला फुसलाकर अपने साथ घुमाने के बहाने ले गया था। इसके बाद उससे रेप किया था। मामले में पीड़िता की मां ने शिकायत की थी। जिसके बाद पुलिस ने अब आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
10 मई 2021 को पीड़िता की मां ने शिकायत की थी। शिकायत में उसने बताया कि 05 मई से उसकी 14 साल की बेटी लापता है। उसका कुछ पता नहीं चल रहा है। रिश्तेदारों से पता किया गया है। मगर किसी को उसके संबंध में कोई जानकारी नहीं है। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
पुलिस ने जांच की तो पता चला कि लड़की जिस दिन गायब हुई है। उस दिन उसके साथ उसकी एक सहेली थी। ये पता चलते ही पुलिस ने उस लड़की से पूछताछ की तो पुलिस को आरोपियों के बार में कुछ सुराग मिला। इसके बाद पुलिस ने कुछ सीसीटीवी भी तलाशे, जिसमें पुलिस को लड़की को टिकैतगांज ले जाते एक युवक दिखा था। इसी आधार पर पुलिस ने टिकैतकंज इलाके में दबिश दी, तब पुलिस को लड़की के एक घर में मिली थी। उस दौरान पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी के सहयोगी शुभम नायक को गिरफ्तार किया था। मगर मुख्य आरोपी दीपक तिग्गा(36) फरार हो गया था।
इधर, पूछताछ में लड़की ने बताया कि 05 मई को वह जब अपने सहेली के साथ घूम रही थी। उसी वक्त रास्ते में दीपक तिग्गा आया था। उसने लड़की को घुमाने के बहाने झांसे में लिया था। फिर टिकैतगंज के घर में भगाकर ले गया था। वहां उसने उसे बंधक बनाकर रखा था और उससे रेप किया था। इस पूरे प्रकरण में शुभम ने भी उसका साथ दिया था। लड़की के इस बयान के बाद पुलिस ने जांच और तेज की। लेकिन दीपक का कुछ पता नहीं चला। इस बीच पुलिस को पता चला कि आरोपी बघिमा इलाके के अपने घर में आया हुआ है। जिसके बाद पुलिस ने घर में दबिश दी और दीपक को गिरफ्तार कर लिया है।