
बिलासपुर: बिलासपुर में तेज रफ्तार बाइक से गिरकर युवक की मौत हो गई। युवक अपनी ममेरी बहन की शादी में शामिल होकर घर लौट रहा था, तभी उसकी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर मोड़ पर पेड़ से टकरा गई, जिससे गंभीर रूप से घायल युवक ने दम तोड़ दिया।
घटना रतनपुर-केंदा रोड की है। सरकंडा के बंधवापारा अरविंद नगर निवासी शुभम मानिकपुरी (20) प्राइवेट जॉब करता था। बेलगहना में उसका मामा घर है। गुरुवार को उसके मामा की बेटी की शादी थी। वह शादी में शामिल होने के लिए बेलगहना गया था। गुरुवार को वैवाहिक आयोजन में शामिल होने के बाद शुक्रवार को दोपहर वह बाइक में सवार होकर अपने घर जाने के लिए निकला था।
युवक अभी बेलगहना से होकर रतनपुर तरफ आ रहा था। उसी समय केंदा के आगे मोड़ पर उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई। बताया जा रहा है कि बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। मोड़ पर युवक ने नियंत्रण खो दिया। उसकी बाइक पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में वह बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल पड़ा था।