क्राइमछत्तीसगढ़देशबड़ी खबर

कमिश्नरेट की कार्रवाई: टिकरापारा में अवैध शराब परिवहन करते आरोपी गिरफ्तार, 100 पौवा देशी शराब जब्त…

रायपुर: रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा अवैध शराब की खरीदी-बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक और सफलता मिली है। टिकरापारा थाना क्षेत्र में अवैध रूप से शराब का परिवहन एवं बिक्री करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से 100 पौवा देशी शराब जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 12 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला एवं अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले के निर्देशानुसार रायपुर कमिश्नरेट के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी, एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट को अन्य राज्यों से आने वाली शराब की तस्करी रोकने तथा अवैध शराब की खरीदी-बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में पश्चिम जोन पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई।

पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल को दिनांक 2 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि टिकरापारा थाना क्षेत्रांतर्गत मठपुरैना स्थित देवारपारा इलाके में एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बिक्री कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी वेस्ट ने तत्काल थाना प्रभारी टिकरापारा को कार्रवाई के निर्देश दिए।

थाना प्रभारी टिकरापारा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। मौके पर मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर एक व्यक्ति को चिन्हांकित कर पकड़ा गया। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम अजय सोनवानी निवासी देवारपारा, टिकरापारा बताया। पुलिस टीम द्वारा जब उसके पास रखी बोरी की तलाशी ली गई, तो उसमें 100 पौवा देशी शराब बरामद हुई।

जब आरोपी से शराब रखने और बिक्री करने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बजाय आरोपी लगातार पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करता रहा। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी अजय सोनवानी पिता गोपीचंद सोनवानी, उम्र 32 वर्ष, निवासी मठपुरैना पानी टंकी के पास देवारपारा, थाना टिकरापारा रायपुर के खिलाफ थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 95/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। आरोपी के कब्जे से जब्त की गई शराब और बिक्री रकम को भी जप्त कर लिया गया है।

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस तरह की कार्रवाइयां आगे भी लगातार जारी रहेंगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास अवैध शराब की खरीदी-बिक्री या परिवहन की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button