
जांजगीर-चांपा: रंगों के त्योहार होली को लेकर जांजगीर-चांपा पुलिस ने पूरी तैयारी कर ली है. जवानों की तैनाती के अलावा संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में इस बार हाईटेक स्तर पर सुरक्षा का इंतजाम किया गया है. शांति भंग करने वाले हुड़दंगियों और शराबखोरों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी. जिला पुलिस ड्रोन जैसी आधुनिक तकनीक को शामिल किया है. इससे तत्काल कार्रवाई संभव होने के साथ सबूत भी सुरक्षित रहेंगे.
पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था से स्थानीय लोग बिना किसी डर के होली मना सकेंगे. जांजगीर-चांपा पुलिस ने बताया कि जिले में 3 अलग-अलग स्थानों से ड्रोन उड़ाकर कड़ी निगरानी रखी जाएगी. इनमें प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संकीर्ण गलियों में ड्रोन से पुलिस पल-पल की जानकारी लेगी.
होली को लेकर जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों अपील की है कि वे शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली पर्व मनाएं. कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें.






