क्राइमछत्तीसगढ़देशबड़ी खबर

टोल प्लाजा पर ट्रक चालकों से अवैध वसूली का विरोध पड़ा भारी, चाकू से हमला—दो नाबालिग सहित 4 आरोपी गिरफ्तार…

रायपुर: धरसींवा थाना क्षेत्र के तरपोंगी टोल प्लाजा पर देर रात ट्रक चालकों से पैसे मांगने और इनकार करने पर धारदार हथियार से हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों और विधि के साथ संघर्षरत दो बालकों सहित कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल और एक धारदार चाकू भी जब्त किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी लवकुश तिवारी ने थाना धरसींवा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह पेशे से ट्रक चालक है। दिनांक 27-28 दिसंबर 2025 की दरम्यानी रात करीब 3:30 बजे वह अपने ट्रक से जाते समय तरपोंगी टोल प्लाजा के पास चाय पीने रुका था। उसी दौरान दो मोटरसाइकिलों में सवार चार युवक वहां पहुंचे और उससे 200 रुपये की मांग करने लगे। जब प्रार्थी ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने उसके साथ अश्लील गाली-गलौच शुरू कर दी और अपने पास रखे नुकीले धारदार हथियार से उसके बाएं जांघ पर वार कर दिया, जिससे उसे चोट आई।

इसी समय एक अन्य ट्रक चालक मनोज कोडावले भी अपनी ट्रक लेकर वहीं चाय पीने पहुंचा। आरोपियों ने उससे भी 200 रुपये मांगे। मनोज द्वारा मना करने पर आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी, हाथ-मुक्कों से मारपीट की और नुकीली धारदार वस्तु से उसके दाहिने हाथ में हमला कर घायल कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना धरसींवा में अपराध क्रमांक 648/25 धारा 296, 115(2), 351(2), 118(1), 119(1) एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र दीवान के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने प्रार्थी लवकुश तिवारी और घायल ट्रक चालक मनोज कोडावले से विस्तृत पूछताछ की। इसके साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। मुखबिरों को सक्रिय किया गया और घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहनों की जानकारी जुटाई गई।

पुलिस को मिली अहम सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में रियाज खान (18 वर्ष) निवासी ग्राम कुरा, थाना धरसींवा और विकास साहू (18 वर्ष) निवासी तिल्दा नेवरा, जिला रायपुर शामिल हैं। इसके अलावा इस घटना में शामिल दो विधि के साथ संघर्षरत बालकों को भी हिरासत में लिया गया है। चारों आरोपियों के कब्जे से दो मोटरसाइकिल और एक धारदार चाकू जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए प्रस्तुत किया है। इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक राजेन्द्र दीवान, उप निरीक्षक बृजकिशोर दीक्षित, कौशल मिर्झा, आर. राजेश यादव, अभिषेक शर्मा और सत्येन्द्र प्रधान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button