क्राइमछत्तीसगढ़देशबड़ी खबर

CG News: 70 वर्षीय बुजुर्ग के साथ ठगी, फेरीवाला बनकर ठगो ने जेवरात-गहने लेकर फरार…

गौरेला: गौरेला थाना क्षेत्र अंतर्गत मधुबन कॉलोनी सारबहरा में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग के साथ ठगी का गंभीर मामला सामने आया है। अज्ञात ठगों ने खुद को फेरीवाला बताकर घर में घुसपैठ की और करीब दो लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और बुजुर्ग नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पीड़ित बुजुर्ग की पहचान पन्ना लाल पंत (70 वर्ष) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, दो अज्ञात युवक मोटरसाइकिल से मधुबन कॉलोनी पहुंचे थे और घर-घर घूमकर कांसा-पीतल के बर्तन साफ करने का पाउडर बेच रहे थे। इसी क्रम में वे पन्ना लाल पंत के घर पहुंचे और बातचीत के दौरान उन्होंने यह भी दावा किया कि वे सोने-चांदी के गहनों को चमकाने का काम भी करते हैं।

ठगों की बातों में आकर बुजुर्ग ने अपने सोने के गहने- एक अंगूठी, मंगलसूत्र और कंगन उन्हें चमकाने के लिए दे दिए। ठगों ने पहले गहनों को हाथ में लेकर उन्हें चमकाने का तरीका बताया और फिर बुजुर्ग से गरम पानी लाने को कहा। जैसे ही पन्ना लाल पंत पानी लाने के लिए घर के अंदर गए, दोनों ठग मौके का फायदा उठाकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए।

जब बुजुर्ग बाहर लौटे तो न तो ठग मौजूद थे और न ही उनके कीमती गहने। ठगी का एहसास होते ही उन्होंने आसपास के लोगों को जानकारी दी और तुरंत गौरेला थाने पहुंचकर इसकी शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ ठगी का अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। साथ ही, संदिग्धों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को भी रवाना किया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के ठग अक्सर बुजुर्गों को निशाना बनाते हैं और फेरीवाले या घरेलू कामगार बनकर भरोसा जीतते हैं। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि अजनबी लोगों को घर के अंदर प्रवेश न दें और किसी भी तरह के गहने या कीमती सामान उन्हें न सौंपें। इस घटना के बाद क्षेत्र के बुजुर्गों और उनके परिजनों में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button