मुंबई: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की सेहत को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। धर्मेंद्र अब अस्पताल से डिस्चार्ज हो गए हैं और उन्हें एम्बुलेंस के जरिए घर लाया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें सुबह करीब 7 बजे ब्रीच कैंडी अस्पताल से छुट्टी दी गई। फिलहाल उनका इलाज घर पर ही जारी रहेगा।
धर्मेंद्र की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें कुछ दिन पहले मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी सेहत को लेकर फैन्स और परिजनों में काफी चिंता का माहौल था।
फिल्म इंडस्ट्री की बड़ी हस्तियां पहुंचीं अस्पताल
धर्मेंद्र से मुलाकात करने के लिए पिछले दो दिनों से बॉलीवुड सितारों का तांता लगा रहा। शाहरुख खान, सलमान खान, आमिर खान और गोविंदा समेत कई सितारे अस्पताल पहुंचे और उनका हालचाल लिया। इस दौरान बेटे सनी देओल और बॉबी देओल लगातार अस्पताल में मौजूद रहे और मीडिया को उनके हेल्थ अपडेट की जानकारी देते रहे।






