क्राइमछत्तीसगढ़देशबड़ी खबर

एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की बड़ी कार्रवाई: 48 घंटे में 90 किलो गांजा जब्त, 12 तस्कर गिरफ्तार…

पिथौरा: महासमुंद जिला की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ जबरदस्त कार्रवाई करते हुए पूरे सप्लाई चैन को निशाना बनाया है। पिछले 48 घंटों में विभिन्न प्रकरणों में नारकोटिक एक्ट के तहत 45 लाख 46 हजार रुपए मूल्य के 90.920 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। इस दौरान कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिससे तस्करों की धड़ाधड़ बढ़ रही गतिविधियों पर ब्रेक लगा है। पहले प्रकरण में सिंघोड़ा थाना क्षेत्र से 38 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी कीमत 19 लाख रुपए है। गांजे के साथ दो वाहन भी बरामद किए गए, जिनके जरिए तस्कर फुलबनी (ओडिशा) से झालवाड़ा (राजस्थान) तक गांजा ले जा रहे थे। इस मामले में राजगढ़, मध्यप्रदेश निवासी तीन आरोपियों जगदीश डांगी (30), कैलाश डांगी (27) और राजेश डांगी (27) को गिरफ्तार किया गया।

दूसरे प्रकरण में रायपुर भेजे जा रहे 30.920 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी कीमत 15 लाख 40 हजार रुपए है। इस प्रकरण में बरामद वाहन में ओडिशा के गंजाम जिला के ब्रम्हपुर से गांजा लाया जा रहा था। राजस्थान के सीकर निवासी अंकित कुमार शर्मा (27) और ओडिशा के केदुपातर निवासी अजय कुमार बेहरा (26) को गिरफ्तार किया गया। तीसरे प्रकरण में बलौदा थाना अंतर्गत 3 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी कीमत 1 लाख 50 हजार रुपए है। तस्करों ने इसे स्कूटर के माध्यम से ओडिशा के फूलबनी से मल्हार, बिलासपुर तक ले जाने का प्रयास किया। इस मामले में बिलासपुर निवासी आदित्य उर्फ वीरू पाटले (24) और लकी टंडन (19) को हिरासत में लिया गया।

चौथे प्रकरण में पिथौरा थाना क्षेत्र से 10 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी कीमत 5 लाख रुपए है। यह गांजा ओडिशा के सोनपुर से मध्यप्रदेश के आगम मालवा तक ले जाया जा रहा था। मध्यप्रदेश के मालवा निवासी कृपाल सिंह (37) और रायपुर निवासी सागर धीवर (19) को गिरफ्तार किया गया। पांचवें प्रकरण में बलौदा थाना अंतर्गत 9 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी कीमत 4 लाख 50 हजार रुपए है। इसमें तस्करों ने ओडिशा के बैतालभंटा, लखमारा से कोरबा तक गांजा पहुँचाने का प्रयास किया। कोरबा निवासी मुमताज (40) और साहिल मसीह (22) को गिरफ्तार किया गया।

एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने जनवरी माह में अब तक कुल 2067.716 किलोग्राम गांजा और 146 नग अवैध कफ सिरप जब्त करने के साथ 52 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से 8 प्रकरणों में 27 व्यक्तियों को जेल भेजा गया, जबकि एक बालक के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की गई। महासमुंद पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई एंड टू एंड इन्वेस्टिगेशन के तहत की गई है, जिसमें तस्करी की पूरी आपूर्ति श्रृंखला को निशाना बनाया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि तस्करों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और भविष्य में भी ऐसे अवैध कारोबार को पूरी तरह समाप्त करने के लिए कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। इस अभियान से क्षेत्र में नशे और अवैध मादक पदार्थों की आपूर्ति पर भारी झटका लगा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय थाने या एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को दें, ताकि समाज से मादक पदार्थों का कारोबार पूरी तरह से समाप्त किया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button