
देवभोग। मैनपुर विकासखंड के आठ ग्रामों बुडगेलटप्पा,सिहारलटी,कालीमाटी ,सगड़ा, फरसरा,उसरीजोर, मदांगमुड़ा तथा गोढियारी के किसानों का पंजीयन धान उपार्जन केंद्र कांडेकेला में किया गया था लेकिन अत्यधिक दूरी और सुविधा के दृष्टिकोण से वहाँ के किसानों ने जिला पंचायत उपाध्यक्ष संजय नेताम से धान उपार्जन केंद्र खोखमा (धुरवागुड़ी) में पंजीयन की सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह किया था’
जिस पर संज्ञान लेते हुए जिला पंचायत उपाध्यक्ष संजय नेताम ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित रायपुर के अध्यक्ष पंकज शर्मा एवं जिलाधीश नीलेश क्षीरसागर से अनुरोध कर किसानों की मंशा से अवगत करवाया व उन्हें निकटतम धान खरीदी केंद्र खोखमा में धान विक्रय की सुविधा प्रदान करने का निवेदन किया जिस पर त्वरित कार्यवाही करते हुए उपरोक्त आठों गाँव के 146 किसानों का पंजीयन की मैपिंग में सुधार कर कांडेकेला से खोखमा में किया गया है। पूर्व में बुडगेलटप्पा एवं कालीमाटी ग्राम धान खरीदी मॉड्यूल में दर्शित नहीं होने के कारण उनका पंजीयन धान खरीदी केंद्र कांडेकेला में किया गया था
अब उन्हें निकटतम धान खरीदी केंद्र में धान विक्रय की सुविधा उपलब्ध होगी और उक्त गांव के 146 किसान खोखमा में धान विक्रय कर सकेंगे। इस पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए वहां के किसानों ने जिला पंचायत उपाध्यक्ष संजय नेताम का आभार प्रकट कर धन्यवाद ज्ञापित किया है। धन्यवाद ज्ञापित करने वाले किसानों में पवित्रो सोरी, कुरसो राम ध्रुव,भजमन ओटी,इसम ओटी, टुनू ध्रुव,चितरू ध्रुव,धनसिग मांझी, मोती गौड़,बल्लू ध्रुव एवं अन्य शामिल हैं।