![](https://rjnewslive.com/wp-content/uploads/2023/07/default-images-780x470.jpg)
शशांक उपाध्याय डोंगरगढ़ :- भगवानटोला ग्राम पंचायत के बजरंगीडीह में गौठान योजना के दूसरे चरण में 5 एकड़ रकबे में गौठान विकसित करने का कार्य तेजी से चल रहा है। कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा ने आज गौठान का निरीक्षण किया। और बजरंगीडीह के गौठान के लिए 2 एकड़ में चारागाह विकसित किया जाएगा। गौठान को आजीविका संवर्धन के केन्द्र के रूप में विकसित करने की योजना के तहत आधा एकड़ में बाड़ी लगाई जाएगी। गौठान में जानवरों के लिए चार पानी टंकी बनाया जा चुका है। तीन नडेप टंकी तथा 15 वर्मी कम्पोस्ट बेड तैयार है। दो चबूतरे भी बनाए गए है। कर्मचारियों ने बताया कि बजरंगीडीह में 300 मवेशी हैं। गौठान के चारागाह में मवेशियों के लिए नेपियर घास लगाया जाएगा। गौठान संचालन के लिए स्व सहायता समूह का गठन भी कर कर लिया गया है
कलेक्टर वर्मा ने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए कहा कि नये गौठान बनने के बाद मवेशियों को यहां हर दिन लाना है। उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशा के अनुरूप खरीफ फसल को मवेशियों से बचाने के लिए रोका-छेका कार्यक्रम को पूरी गंभीरता के साथ तत्काल शुरू करने कहा। कलेक्टर ने पुराने खेल मैदान को अतिक्रमण से बचाने तथा बच्चों की खेल प्रतिभा को संवारने के लिए पुराने गौठान का उपयोग खेल मैदान के रूप में करने का सुझाव दिया। ग्रामीणों ने बताया कि खरीफ मौसम की बोनी पूरी हो गई है। कलेक्टर वर्मा ने लोगों को धान की जगह अन्य नगदी फसल लेने की समझाईश दी। उन्होंने कहा कि इन फसलों में धान की अपेक्षा पानी की कम आवश्यकता होती है। नगद फसल से आमदनी भी ज्यादा होती है।
वर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि स्व सहायता समूह के सदस्यों को वर्मी कम्पोस्ट बनाने का प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि वे कुशलतापूर्वक कम्पोस्ट बनाने का काम कर सकें। अधिकारियों ने बताया कि स्व सहायता समूह के सदस्यों को डोंगरगढ़ विकासखंड के ही मोतीपुर के गौठान में वर्मी कम्पोस्ट बनाने के कार्य को ट्रेनिंग के बतौर दिखाया जाएगा। कलेक्टर ने बजरंगीडीह गौठान की चारों ओर फैंसिंग कराने के लिए डीएमएफ से स्वीकृति देने की बात कही। इस अवसर पर एसडीएम डोंगरगढ़ अविनाश भोई, जनपद पंचायत डोंगरगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी लक्ष्मण कचलाम सहित अन्य स्थानीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।